
वीरगंज।(Vor desk)।नेपाल पुलिस ने वीरगंज में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 लाख 13 हजार 500 अवैध नेपाली रुपये के साथ दो हुंडी कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में पर्सा जिला के वीरगंज महानगरपालिका वार्ड नंबर 2 घुसुकपुर निवासी 39 वर्षीय संजय कुमार साह और बारा जिला महागढीमाई नगरपालिका वार्ड नंबर 4 बगडमपुर निवासी 41 वर्षीय शनि कुमार ठाकुर शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों के पास से भारतीय नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल में छुपाकर रखे गए 10 लाख रुपये (1000 के 1000 नोट) और 4 लाख 13 हजार 500 रुपये (500 के 827 नोट) बरामद किए। जब्त किए गए रुपये का कोई वैध कागजात नहीं होने के कारण दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पर्सा के एसपी गौतम मिश्रा ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है और बताया कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई नेपाल पुलिस द्वारा हुंडी कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
