
रक्सौल।(Vor desk)। भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नेपाल के वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में गुरुवार को भव्य समारोह आयोजित किया गया।
ध्वजारोहण और राष्ट्रपति का संदेश
समारोह की शुरुआत महावाणिज्य दूत द्वारा भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सभी ने राष्ट्रगान गाया। तत्पश्चात भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का राष्ट्र के नाम स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दिया गया संदेश वाचन किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम
कार्यक्रम में वीरगंज के 13 स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुतियाँ दीं। स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों द्वारा प्रस्तुत इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।

इस अवसर पर बीरगंज महानगर के मेयर राजेश मान सिंह सहित परसा और बारा जिलों के प्रशासन एवं पुलिस के उच्च अधिकारी, 13 स्कूलों/कॉलेजों के 150 छात्र-छात्राएँ और शिक्षक, नागरिक समाज के प्रतिनिधि तथा दूतावास के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिवारजन सहित 600 से अधिक लोग उपस्थित रहे।
भारत-नेपाल मैत्री का प्रतीक
समारोह ने न केवल भारत की स्वतंत्रता का उत्सव मनाया, बल्कि भारत और नेपाल के बीच मजबूत सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को भी प्रदर्शित किया।
