Tuesday, March 10

रक्सौल नरबलिया पुल प्रकरण: नहर में गिरने से गंभीर घायल अमन बेहतर इलाज के लिए रेफर,जिला प्रशासन के निर्देश पर पुल निर्माण स्थल की हुई बैरिकेडिंग

रक्सौल।(Vor desk)।निर्माणाधीन पुल के लिए ‘नर बलि’ के बाद जिला प्रशासन की नींद टूटी है।रक्सौल में कोईरियाटोला अंबेडकर चौक पर निर्माणाधीन हाई लेबल ब्रिज एरिया की बैरिकेडिंग कर दी गई है। वहीं, घोड़ासहन नहर के गहरे जल प्रवाह में गिरने से गंभीर घायल बेतिया निवासी अमन को हॉस्पिटल प्रबंधन ने रेफर कर दिया है। शहर के लक्ष्मीपुर स्थित एसआरपी हॉस्पिटल के डायरेक्टर सह मुख्य चिकित्सक डॉ सुजीत कुमार ने बताया कि हादसे में गंभीर घायल अमन के छाती,पेट,और पैर में काफी चोट आई है।हालाकि,वे खतरे से बाहर हैं और स्वास्थ्य में सुधार है।उनके परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करा कर ले गए हैं।सूत्रों ने बताया कि बेतिया के हॉस्पिटल रोड निवासी अमन(25)के पिता मोतीउरहमान सहित अन्य परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए ले गए।इस बीच नगर पार्षद सोनू गुप्ता ने भी पहुंच कर अमन का हाल चाल लिया और ढाढस बंधाया।हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

इधर,जावेद के शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौप दिया गया है,जिसके बाद परिजनो द्वारा सुपुर्द ए खाक कर दिया गया है।

गौरतलब है कि बेतिया निवासी दानिश जावेद और अमन रक्सौल आ रहे थे,इसी बीच गुरुवार की मध्य रात्रि निर्माणाधीन पुल स्थल के पास घोड़ासहन नहर में गिर गए और बेसमेंट स्थित छड़ से टकराने से बुरी तरह घायल जावेद की मौत हो गई थी।इस मामले में निर्माण एजेंसी स्टार बिल्ड मैप प्राइवेट लिमिटेड पर केश दर्ज कर जांच और करवाई शुरू कर दी गई है।इधर,मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग तेज हो गई है।स्वच्छ रक्सौल के अध्यक्ष रणजीत सिंह,राजद प्रखंड अध्यक्ष सौरंजन यादव ,जन सुराज नेत्री पूर्णिमा भारती आदि ने एक स्वर से मौत को पुल निर्माण के लिए’ नरबलि’ की घटना करार देते हुए बिहार सरकार पर जम कर निशाना साधा है और कहा है कि इस मामले में पुल निर्माण निगम पर भी कारवाई होनी चाहिए।उन्होंने सरकार से मृतक के परिजनों को मुआवजा और आश्रितों के लिए नौकरी की मांग की है।

कुत्ते के दौड़ाने से हादसा

अमन ने हॉस्पिटल में अपने बयान में बताया कि पंकज टॉकीज के पास अचानक कुत्ते पीछे पड़ गए।इसके बाद बाइक की रफ्तार तेज कर भागने लगे।इसी बीच नहर में जा गिरे।हमें वहां निर्माण के बारे में जानकारी नहीं थी।दानिश गिरने के बाद तड़पता रहा।यदि समय पर मदद मिलती तो जान बच सकती थी।उसने बताया कि हम दोनों ही बीए पार्ट टू के छात्र है और मित्र हैं। हम नेपाल जाने के लिए रक्सौल आए थे,इसी बीच यह हादसा हो गया।

इधर,रक्सौल अंबेडकर चौक पर निर्माणाधीन हाई लेबल ब्रिज के पास नहर में बाइक सवार की गिर कर मौत के बाद प्रशासन और पुल निर्माण निगम की तंद्रा भंग हुई है और निर्माण स्थल की रातों रात बैरिकेडिंग कर दी गई है।बताया गया है कि जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देश पर निर्माण स्थल पर रास्ता बन्द और 600मीटर आगे डायवर्शन का प्रयोग करें का बोर्ड लगाया गया है।वहीं,नहर में पूर्वी दिशा में स्लैब पुल के आगे मिट्टी से जाम कर दिया गया है ताकि बाइक न चले।अब लोग पूछ रहे है कि यह कार्य पहले ही क्यों नहीं हुआ,यदि बैरिकेडिंग पहले हुई होती तो निर्दोष युवक की जान नहीं जाती।

बता दे कि 4.94 करोड़ की लागत से हाई लेवल ब्रिज के निर्माण का कार्य अप्रैल से जारी है।वहां पूर्व से बने मजबूत पुल को तोड़ा जा चुका है।जबकि,वहां अप एंड डाउन डायवर्शन बनाया गया था,जो ह्यूम पाइप लगा कर मिट्टी से अस्थाई तौर पर कायम किया था,जिसे सिंचाई विभाग कृषकों के हित में तोड़ दिया था।इससे रोज रोज दुर्घटनाएं होती आ रही है ।स्लैब से बाइक नहर के पानी में गिरने की घटना आम है।इसको ले कर आंदोलन के क्रम में इंडिया गठबंधन ने सांसद और विधायक का पुतला भी फूंका और हाय हाय का नारा लगाया था।वहीं,जन सुराज नेत्री पूर्णिमा भारती ने आमरण अनशन भी किया था।हालाकि,विधायक प्रमोद सिन्हा का कहना है कि सिंचाई को ले कर कृषकों के हित में डायवर्शन तोड़ा गया था।किसानों को पानी की जरूरत है,ऐसे में पानी बंद नहीं कर सकते।पानी कम होते ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!