
सीतामढ़ी/रक्सौल।(Vor desk)। बिहार विधान सभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पुनौरा धाम में माता जानकी के भव्य मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम स्थल से दोपहर 2:40 बजे सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पर खड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना किया। सीतामढ़ी से दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में माध्यम से हरी झंडी दिखाई गई।यह ट्रेन रक्सौल हो कर चलेगी,जिसको ले कर इस उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 05599 का 16:10 बजे रक्सौल स्टेशन पर स्थानीय विधायक प्रमोद सिन्हा सहित एनडीए कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया ।जबकि,सीतामढ़ी में भाजपा सांसद डा संजय जायसवाल मौजूद रहे।
बता दे कि यह ट्रेन सीतामढ़ी- रक्सौल – नरकटियागंज – गोरखपुर – लखनऊ – कानपुर – गाजियाबाद के रास्ते दिल्ली तक चलेगी।वहीं 14:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी।इस उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगे हैं। जिसमें दो एसएलआर, 11 स्लीपर, आठ जेनरल तथा एक पेंट्रीकार का कोच हैं।
अमृत भारत 2.0 कई आधुनिक सुविधाओं से लैस
अमृत भारत ट्रेन ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के तहत इंटीग्रेटेड कोच फैक्ट्री में तैयार की गई है। नया संस्करण अमृत भारत 2.0 कई आधुनिक सुविधाओं से लैस है।हवाई जहाज की तरह की सुविधाओं वाले इस ट्रेन को मध्य एवं निम्न आय वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें स्लीपर और जनरल क्लास के डिब्बे लगे हैं। इसमें फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल होल्डर, बॉटल होल्डर और रेडियम फ्लोरिंग स्ट्रिप हैं। साथ ही एयर स्प्रिंग बॉडी, इलेक्ट्रो न्यूमेटिक फ्लशिंग सिस्टम, ऑटोमैटिक साबुन डिस्पेंसर और फायर सप्रेशन सिस्टम भी मौजूद हैं।
130 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने में सक्षम
यह ट्रेन 130 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने में सक्षम है। इसमें पहली बार सेमी-ऑटोमैटिक कपलर और क्रैश ट्यूब जैसी सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। EP-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम, सील गैंगवे और वैक्यूम एवैक्यूशन सिस्टम भी उपलब्ध हैं। गैर-एसी कोचों में फायर डिटेक्शन सिस्टम और इमरजेंसी टॉक बैक की सुविधा भी है।
गोरखपुर के रास्ते तीसरी अमृत भारत ट्रेन
गोरखपुर के रास्ते पहले ही दो अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं। 26 जुलाई से गोमतीनगर-दरभंगा अमृत भारत वीकली ट्रेन गोरखपुर होकर संचालित की जा रही है, वहीं 29 जुलाई से बापूधाम मोतिहारी–आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत द्विवीकली ट्रेन भी गोरखपुर होकर चल रही है। अब सीतामढ़ी-दिल्ली विकली ट्रेन तीसरी अमृत भारत ट्रेन होगी जो गोरखपुर से होकर गुजरेगी
इस ट्रेन के शुरू होने से बगहा, नरकटियागंज, रक्सौल, बैरगनिया और सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को दिल्ली की यात्रा में समय और पैसे दोनों की बचत होगी। साथ ही यात्रा अधिक आरामदायक और सुरक्षित होगी।
