Monday, March 9

जन सुराज नेत्री पूर्णिमा भारती को समर्थन देने की होड़,आमरण अनशन तोड़ने के लिए रक्सौल प्रशासन के अपील को भी ठुकराया!

रक्सौल।(Vor desk)। जन सुराज नेत्री पूर्णिमा भारती का अनशन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा।रक्सौल के कोईरिया टोला स्थित अंबेडकर चौक पर नहर में डिवाइडर और हाई लेवल ब्रिज निर्माण के साथ रक्सौल में जल संकट से निजात के लिए पेय जल की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को ले कर यह आमरण अनशन शनिवार को शुरू हुआ था।सोमवार को अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डा राजीव रंजन कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने उनके स्वास्थ्य स्थिति की जांच की,जिसमे स्वास्थ्य में गिरावट दर्ज की गई।उन्हें फल और जूस देने की कोशिश नाकामयाब रही।एक ओर इस आमरण अनशन को ले कर नैतिक समर्थन देने वाले की संख्या लगातार बढ़ रही है,वहीं,दूसरी ओर रक्सौल प्रशासन पूर्णिमा भारती के गिरते स्वास्थ्य स्तर और लंबा खींच रहे आमरण अनशन से चिंतित और सतर्क दिख रही है।सोमवार की सुबह जहां रक्सौल नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डा मनीष कुमार ने भी पहुंच कर पेय जल आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए टैंको से पानी आपूर्ति के साथ ही वार्डो में समरसेबल लगाने की प्रक्रिया तेजी से जारी रहने की बात बताते हुए अनशन खत्म करने का आग्रह किया।वहीं,शाम में बारिश के बीच भी अनशन जारी रहा। टेंट चुने लगा।बैठने में भी दिक्कत हो गई।तब रक्सौल एसडीओ मनीष कुमार,एडीपीओ मनीष आनंद,नप के कार्यपालक पदाधिकारी डा मनीष कुमार,थानाध्यक्ष विजय कुमार आदि ने पहुंच कर समझाने बुझाने का प्रयास किया।उन्होंने कहा कि नहर में पानी कम होने के बाद काम शुरू होगा।इसमें समय लगेगा।इस पर पूर्णिमा भारती ने साफ कहा कि क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों ने गुमराह किया कि सात दिनों में काम लगेगा और पुल निर्माण किया जाएगा।उन्होंने आमरण अनशन खत्म करने के बारे में विनम्रता पूर्वक मना कर दिया।उन्होंने साफ कहा कि मेरे लिए डायवर्सन और पेय जल आपूर्ति व्यवस्था ही दवा है। उन्होंने आमरण अनशन स्थल के पास रखे पचाठी को दिखाते हुए कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी,आमरण अनशन जारी रहेगा।मेरा नारा है या पुल और पानी दो,नहीं तो मार दो।मांग पूरी नहीं हुई,तो मेरी लाश ही यहां से उठेगी।इस पर एसडीओ मनीष कुमार ने मांगो के संबंध में जिला प्रशासन से मंगलवार तक मार्गदर्शन मांगने की बात कही।

इधर,दिन भर आमरण अनशन स्थल पर सरगर्मी दिखी।दलीय राजनीति से ऊपर उठ कर राजद के जिला प्रवक्ता रवि मस्करा ने भी पहुंच कर पूर्णिमा भारती को नैतिक समर्थन दिया और कहा कि यह लड़ाई पूरे रक्सौल की है।मांग जायज है।इसे हर हाल में पूरा होना चाहिए।इस बीच जन सुराज नेता मनीष कश्यप ने भी पहुंच कर मांगो का समर्थन किया।

बता दे कि क्षेत्रीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारियों ने रविवार को निर्माण स्थल का दौरा किया था,जिसमे सहमति बनी थी कि नहर में पानी कम होने के बाद पुल निर्माण का काम शुरू होगा।इस क्रम में पूर्णिमा भारती से भी मिल कर उन्होंने आमरण अनशन खत्म करने की अपील की थी,लेकिन,वे अपने मांगो पर अडिग रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!