Monday, March 9

मीनापुर पावर सबस्टेशन में ट्रांसफार्मर अपग्रेडेशन: 16 से 20 जुलाई तक रामगढ़वा और सुगौली के कुछ गांवों में रोटेशन पर मिलेगी बिजली

रक्सौल।(Vor desk)।अनुमंडल के रामगढ़वा प्रखंड के मीनापुर पावर सबस्टेशन परिसर में एक महत्वपूर्ण अपग्रेडेशन कार्य के चलते रामगढ़वा और सुगौली प्रखंड के कुछ गांवों में 16 जुलाई से 20 जुलाई तक विद्युत आपूर्ति रोटेशन के आधार पर की जाएगी। यह जानकारी सहायक विद्युत अभियंता सुनील रंजन ने दी।
उन्होंने बताया कि मीनापुर टोला पावर सबस्टेशन में पहले से ही दो 5 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। इनमें से एक 5 एमवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 10 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना है। इस कार्य के कारण ही आगामी पांच दिनों तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
रोटेशन के आधार पर विद्युत आपूर्ति फूगिनी फीडर से संचालित होगी, जिससे सुगौली प्रखंड के पजियारवा उत्तरी मनसिंघा, दक्षिणी मनसिंघा, माली, बगही, करमवा रघुनाथपुर पंचायत के गांवों में रोटेशन के आधार पर बिजली मिलेगी। वहीं, रामगढ़वा प्रखंड क्षेत्र के बैरिया, मंगलपुर पटनी,शिवनगर, सतपीपरा पंचायतो के गांवों में भी इसी रोटेशन प्रणाली के तहत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग बनाए रखने और किसी भी असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। इस बदलाव के बाद उपरोक्त फीडर से उपभोक्ताओं को और बेहतर तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!