
रक्सौल।(Vor desk)।पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत दरपा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में शनिवार की सुबह करीब 7बजे कुख्यात अपराधी भून्ना मियां की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई।शरीर के आधा दर्जन जगहों पर जख्म के निशान पाए गए है। घटना पिपरा स्थित हाई स्कूल के समीप तब घटी,जब भुन्ना गांव के पोखरे में मछली को दाना डालने गया था।इसी बीच लौटने के क्रम में राजेंद्र पासवान के घर में छुपे अपराधियों ने घटना को अंजाम दे फरार हो गए।सूचना है कि पहले उसे गोली भी मारी गई और फिर शव को हाई स्कूल के पास फेंक दिया गया,हालाकि,गोली मारने की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।मृतक भून्ना मियां दरपा थाना क्षेत्र के ही पिपरा गांव का निवासी था। ।थाने में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उसका संबंध पूर्व में नक्सली गतिविधियों से भी रहा है।पुलिस उसे लगातार तलाश रही थी।उस पर बिहार पुलिस ने दस हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमलावरों ने धारदार हथियार से भुन्ना का गला रेता गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के पीछे आपसी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल एसडीपीओ धीरेन्द्र कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर कैंप कर गए हैं।आधा दर्जन थाना की पुलिस भी पहुंची है।गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
बताया गया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फारेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम तथा डाग स्क्वाड को भी बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
वहीं प्रशासन द्वारा क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल गांव एवं आस-पास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है।थानाध्यक्ष उमाशंकर माझी के नेतृत्व में अपराधियों की तलाश में छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।
