
रक्सौल ।(Vor desk)। इंडो नेपाल बॉर्डर पर तैनात 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने रक्सौल वीरगंज को जोड़ने वाले मैत्री पुल से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है।मिली जानकारी के मुताबिक, मैत्री पुल से कस्टम चौक की ओर आने के क्रम में संदिग्ध व्यक्ति को रोक कर जांच की गई।जांच में पता लगा कि वह नेपाल से भारत में बिना वैध भारतीय वीज़ा के पैदल अवैध रूप से सीमा पार करने का प्रयास कर रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम सईद इकबाल अहमद (आयु 43 वर्ष) बताया है। उसकी तलाशी के दौरान 50 अमेरिकी डॉलर, बांग्लादेशी एवं नेपाली करेंसी बरामद की गई है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उसका उद्देश्य भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर विभिन्न राज्यों के शहरों में घुसपैठ करना था। यह गतिविधि राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर एवं संदिग्ध मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी इसी संवेदनशील सीमा मार्ग से चीन, इराक, कनाडा एवं बांग्लादेश जैसे तीसरे देशों के नागरिकों द्वारा अवैध घुसपैठ के प्रयास किए गए हैं, जिन्हें एस.एस.बी. के सजग एवं सतर्क जवानों द्वारा समय रहते विफल किया गया है।
घटना की पृष्ठभूमि में, हाल ही में मैत्री ब्रिज पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से 47वीं वाहिनी द्वारा एक अस्थाई चेकपोस्ट स्थापित किया गया है। इस चेकपोस्ट पर की जा रही सघन जांच और पहले से प्राप्त सैन्य खुफिया सूचनाओं के आधार पर सीमा पर चौकसी को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। इन्हीं उपायों के फलस्वरूप आज की यह घुसपैठ की कोशिश समय रहते विफल की जा सकी।
47वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट संजय रावत ने जानकारी देते हुए कहा कि सशस्त्र सीमा बल देश की सीमाओं की सुरक्षा के प्रति सतर्क, सजग एवं पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि अथवा घुसपैठ के प्रयास को किसी भी स्थिति में सफल नहीं होने दिया जाएगा।इधर,बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में ले कर हरैया थाना को सौप दिया गया है,जहां हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार के नेतृत्व में पूछ ताछ और जांच की करवाई शुरू कर दी गई है।
