
रक्सौल ।(Vor desk)।पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रछाल सिंह और समस्तीपुर मंडल के डीआरएम विनय कुमार श्रीवास्तव शनिवार को विंडो निरीक्षण करते हुए रक्सौल पहुंचे ,जहां स्टेशन का निरीक्षण किया।साथ ही जन प्रतिनिधियों सहित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती शहर रक्सौल को जाम से निजात दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाए जाने का संकेत देते हुए कहा कि रेलवे फाटक संख्या 33 और 34 पर जल्द ही रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण शुरू हो सकता है।उन्होंने कहा कि दोनो ओवरब्रिज का डीपीआर( डिटेल प्रॉजेक्ट रिपोर्ट)
बन गया है और स्वीकृति के लिए भेजा गया हैं।रेलवे बोर्ड की स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

इस क्रम में विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने स्पेशल सैलून में सांसद की ओर से अधिकारियों से मुलाकात की और आरओबी के जल्द निर्माण की पहल करने का मुद्दा उठाया।इस दौरान जीएम ने आश्वासत करते हुए कहा कि यह कार्य इरकॉन के जिम्मे है। एक माह के अंदर इसकी स्वीकृति मिल जाने की संभावना है।
इस दौरान स्वच्छ रक्सौल संस्था के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने भी एक ज्ञापन सौंप कर मांग किया कि रेल ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू किया जाए।वहीं,रेलवे के खाली जमीन पर स्टेडियम,डीलक्स शौचालय को चालू करने,प्लेटफॉर्म 2और,3पर शौचालय की व्यवस्था,रेल कालोनी की मरम्मत,रेलवे पार्क का रख रखाव,रेलवे स्कूल के जीर्णोद्वार के लिए एनओसी ,रिटायरिंग रुम,डोमेट्री एसी प्रतीक्षालय का निर्माण,स्टेशन के उतर दिशा में मुख्य द्वार निर्माण आदि की मांग करते हुए इस पर अविलंब पहल का अनुरोध किया।
बता दे कि रक्सौल में आरओबी का शिलान्यास 2004 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने किया था,लेकिन,आज तक इसका निर्माण नहीं हो सका।आरओबी नहीं बनने से शहर को भारी जाम से जूझना पड़ता है और नेपाल आवाजाही में दिक्कत होती है।आगामी दिनों विधान सभा चुनाव होने है,और इस घोषणा को ले कर चर्चा परिचर्चा तेज हो गई है,क्योंकि,यहां सांसद के पहुंचने के बाद भी उन्होंने इस बारे में कुछ नहीं बोला,जबकि,विधायक महाप्रबंधक से मिलने सैलून में पहुंच गए।मजे की बात यह रही है कि अमृत भारत स्टेशन निर्माण के बारे में एक शब्द भी चर्चा नहीं हुई और ना ही आधिकारिक बयान आया,जिससे गहरी मायूसी देखी गई।
मौके पर स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार सिंह, आरपीएफ निरीक्षक अजय चौधरी ,जीआरपी थानाध्यक्ष पवन कुमार उपस्थित थे।
