
रक्सौल ।(Vor desk)। इंडो नेपाल बॉर्डर पर इन दिनों लगातार अवैध घुसपैठ में जुटे विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी हो रही है।इसी बीच गेटवे ऑफ नेपाल कहे जाने वाले रक्सौल बॉडर पर शनिवार की देर शाम एक संदिग्ध इराकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।
इराकी नागरिक की पहचान इराक के बगदाद अलदौरा निवासी फौजी के पुत्र बारा फौजी हामिद अल बयाती (उम्र 47) के रूप में हुई है।
पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने जारी प्रेस नोट में इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अवैध रूप से भारत में घुसने की कोशिश में उसे गिरफ्तार किया गया है।
इधर,हरैया थाना के थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के मुताबिक, शनिवार की देर शाम में बॉडर पर दैनिक जांच के क्रम में संदेह के आधार पर इसे हिरासत में लिया गया ।
जांच में पाया गया कि ईराकी नागरिक के पास भारत में प्रवेश के लिए वीजा मौजूद नहीं है। यह नेपाल से आ रहा है।भारत में आने के पीछे इस इराकी नागरिक का क्या मंसूबा है इसकी जांच अन्य एजेंसियां भी कर रही है।
सुरक्षा पर सवाल
लगातार विदेशी नागरिकों की अवैध घुसपैठ अथवा प्रयास एक गंभीर मामला है,जो सीमा की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है।पकड़े गए इराकी नागरिक की भूमिका संदिग्ध है।सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,पकड़ा गया इराकी अपने को एक मेकेनिकल इंजीनियर बता रहा है। भारत ने उसे दो बार वीजा दिया है। यह तीसरी बार 16जून 2025को नेपाल से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया और भारत के लखनऊ सहित विभिन्न जगहों से घूमते हुए पुन नेपाल लौट रहा था तभी इसे पकड़ा गया। दावा किया जा रहा है कि वह 16जून को ही काठमांडू आया और उसी दिन भारत प्रवेश कर गया था।
दावा किया गया है कि मुख्य रूप से यह इराकी नागरिक भारत से कामगारो को ईराक ले जाता है।फिलहाल,इसकी संदिग्ध भूमिका और भारत में अवैध घुसपैठ की जांच शुरू कर दी गई है।इंडियन इमिग्रेशन सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां गहन जांच में जुट गई है।
