Sunday, March 8

हाई लेबल पुल का निर्माण हुआ हवा हवाई,रक्सौल में नहर के कटाव को रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट

रक्सौल ।(Vor desk)।रक्सौल में विधान सभा चुनाव को देखते हुए आनन फानन में हाई लेबल ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।पुल निर्माण के लिए डायवर्शन बनाने की खानापूर्ति की गई।एक ओर बाधित हो रही सिंचाई को देखते हुए नहर विभाग ने पानी की सप्लाई शुरू की,तो,दूसरी ओर मॉनसून की धमक हुई,जिससे पुल निर्माण कार्य बंद हो गया।निर्माण क्षेत्र जल प्लावित हो गया।सरकार को चुना तो लगा ही आम जनता के लिए भी मुश्किल हो गया है,क्योंकि,यह घोड़ासहन नहर शहर के बीच से गुजरती है।जहां पुल बन रहा है, वह,नागरिकों को वीरगंज जाने के लिए अधिकृत मार्ग है,जो,काठमांडू दिल्ली राज मार्ग का हिस्सा है,जो बेतरीकब बने डायवर्शन के कारण बंद होने के कगार पर है।निर्माण कार्य से सैनिक सड़क का काफी हिस्सा भी कटाव की शिकार हुई है,लेकिन,इस पर जन प्रतिनिधियों की चुप्पी बनी हुई है।आए दिन हो रही दुर्घटना से लोगों की आवाजाही संकट में है,कब कौन हादसा हो जाए कहना मुश्किल है।

प्रशासन एलर्ट

शहर के बीच से गुजरने वाले नहर के पानी का बहाव तेज होने के बाद कटाव को रोकने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। शुक्रवार को नहर चौक पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करने पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी ने कटाव को रोकने के लिए अविलंब बालू व ईट का टुकड़ा कटाव स्थल पर गिराने का निर्देश दिया।

नहर चौक पर पुल निर्माण की स्थिति

नहर चौक पर पुल निर्माण को लेकर डायवर्सन बनाया गया था, लेकिन नहर में पानी बढ़ने के बाद अब डायवर्सन पर खतरा मंडरा रहा है। यदि डायवर्सन बंद होता है तो शहर में आवागमन की समस्या पैदा हो जाएगी। इसको लेकर प्रशासन अभी से अलर्ट पर है।

प्रशासन की कार्रवाई

अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बिहार राज्य पूल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक को 24 घंटे के अंदर इसको मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया है ताकि लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि नहर के कटाव को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

मौके पर उपस्थित अधिकारी

मौके पर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, घोड़ासहन नहर प्रमंडल के कनीय अभियंता नितेश कुमार, अंचलाधिकारी रक्सौल शेखर राज, बीडीओ रक्सौल जयप्रकाश, परियोजना पदाधिकारी पुल निर्माण निगम लिमिटेड विकास कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है ताकि नहर के कटाव को रोका जा सके और शहर में आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!