
रक्सौल (vor desk) शहर में मंगलवार की सुबह एकाएक उस समय सनसनी फैल गयी जब अनुमंडलीय अस्पताल रक्सौल के स्वास्थकर्मी प्रेमराज के इकलौते छह वर्षीय बेटे आयुष की कथित हत्या के जुर्म में आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी रक्सौल प्रखंड के ही जोकियारी पंचायत का निवासी मनोहर लाल साह है।बच्चे के गायब होने के दिन से ही मनोहर लाल गायब था। जोकियारी पंचायत के मुखिया राजू साह की मदद से मनोहर को नेपाल के चितवन जिले के नारायण घाट से पकड़ा गया है।घटना के संबंध मे आरोपी ने पुलिस और मीडिया के समक्ष स्वीकारोक्ति बयान में इस बात को कबूला और आरोप लगाया कि उसकी पत्नी रेणु देवी जो स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल में आशा कार्यकर्ता है का उसी अनुमंडलीय अस्पताल के स्वास्थकर्मी प्रेमराज( मोतिहारी निवासी )से अवैध संबंध है। इसके खिलाफ पंचायती करने के लिए उसने कई बार पुलिस से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की समक्ष गुहार लगाई पर नतीजा कुछ नही निकला। इसी से क्षुब्ध और नाराज हो कर उसने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी को सबक सिखाने और पत्नी को फसाने के उद्देश्य से उसके बेटे को नेपाल के नारायणघाट ले जा कर वहां के नारायणी नदी में धकेल दिया।उसका कहना था कि प्रेम राज ने उसकी पत्नी को उससे दूर कर दिया था।इस दर्दनाक हादसे की खबर सुन कर बच्चे के माता पिता बेसुध हो गए हैं।हालाकि,इसकी पुष्टि होना बाकी है कि बच्चा जिंदा है या मृत।पुलिस जांच में जुटी हुई है।इधर,बच्चे के पिता प्रेमराज ने बताया कि उनका बेटा पिछले करीब छह दिन पहले घर से एकाएक गायब हो गया था जिस कारण उन्होंने पुलिस को एक गुमसुदगी का आवेदन दिया था।

जानकारी के मुताबिक रेणु देवी जोकियारी पंचायत में आशा कार्यकर्ता हैं। वहीं प्रेम राज रक्सौल अनुमंडलीय अस्पताल में दवा वितरण सहित अन्य विभागीय काम करता है। दोनों के बीच प्रेम संबंधों की चर्चा लंबे समय से चल रहा है। इस मामले में कई बार पंचायत भी हुई। जिसे लेकर मुखिया और सरपंच ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन दोनों का प्रेम संबंध जारी रहा।जिसके बाद रेणु के पति मनोहर ने पहले आयुष का अपहरण किया। फिर उसे नेपाल ले जाकर नदी में फेंक दिया। सात दिन बाद मनोहर की गिरफ्तारी से यह सच सामने आया। पुलिस ने मनोहर लाल को हिरासत में लेकर जोकियारी पंचायत के मुखिया के साथ नारायणघाट भेजा है।

पुलिस कर रही जांच,पुछ ताछ से सामने आएगा राज
रक्सौल थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि मनोहर के बयान की सत्यता की जांच की जा रही है और आयुष की तलाश के लिए नेपाल में छानबीन जारी है। पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रहे हैं, ताकि दोषी को कठोर सजा मिल सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता/श्रेयांस कुमार बिट्टू)
