Monday, March 9

नेपाल यात्रा के दौरान 4 लाख 25 हजार रुपये तक नकद भारतीय मुद्रा ले जा सकेंगे भारतीय पर्यटक,नए बजट के प्रवधान से सीमा क्षेत्र में हर्ष!

रक्सौल।(Vor desk)।नेपाल की मनोरम वादियों में सैर सपाटा करने जाने वाले भारतीय पर्यटकों और धार्मिक यात्रा पर पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब वे नेपाल यात्रा के दौरान अपने साथ 4 लाख 25 हजार रुपये तक नकद भारतीय मुद्रा ले जा सकेंगे। पहले यह सीमा केवल 25 हजार रुपये तक ही सीमित थी। नेपाल की केपी ओली सरकार ने अपने हालिया आर्थिक बजट में इस संशोधन की घोषणा की है। नेपाल के अर्थ मंत्री विष्णु प्रसाद पौडेल ने बजट भाषण में यह प्रावधान रखा, जिसमें अब भारतीय पर्यटक 4.25 लाख रुपये नकद लेकर नेपाल में प्रवेश कर सकेंगे। हालांकि, इस व्यवस्था के पूर्ण रूप से लागू होने में 1 से 2 महीने का समय लग सकता है।

बजट में विदेशी मुद्रा के लिए नया प्रावधान

बजट भाषण के बिंदु संख्या 405 में मंत्री पौडेल ने बताया कि नेपाल में हवाई या स्थल मार्ग से आने वाले यात्रियों को अब 5,000 अमेरिकी डॉलर तक की विदेशी मुद्रा या ट्रैवलर्स चेक लाने की छूट दी जाएगी। यदि कोई यात्री इससे अधिक रकम लाता है, तो उसे स्रोत की जानकारी देना अनिवार्य होगा।

सीमावर्ती भारतीयों को मिलेगी बड़ी राहत


नेपाल सरकार के इस कदम से खासकर सीमावर्ती क्षेत्र के भारतीयों को काफी राहत मिलेगी। इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग टूर,तीर्थ और इलाज के लिए नेपाल जाते हैं, वहीं व्यापारी वर्ग भी नियमित रूप से नेपाल में कारोबार के सिलसिले में यात्रा करता है। अब अधिक नकद साथ ले जाने की अनुमति से उन्हें इलाज और व्यापार में सुविधा मिलेगी।

पर्यटन क्षेत्र में खुशी की लहर
इस घोषणा के बाद नेपाल के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। रक्सौल के टूर ऑपरेटर संदीप गुप्ता के अनुसार, अब भारतीय पर्यटक आसानी से 4.25 लाख रुपये (लगभग 6.80 लाख नेपाली रुपये) तक नकद लेकर नेपाल जा सकेंगे।इससे काफी सहूलियत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!