Tuesday, March 10

पंजाब भेजने के लिए रखा गया दो करोड़ रुपए का अफीम बरामद, तीन अंतराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार!

रक्सौल ।(Vor desk)।झारखंड के चतरा जिले का कुख्यात अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर अनूप यादव समेत तीन तस्करों को
बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और रामगढ़वा थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी में करोड़ों की अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। इसकी जानकारी देते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुगौली-रामगढवा के बीच भैंसड़ा गांव स्थित पावरग्रिड के पास एक आम के बगीचे में मादक पदार्थों की बड़ी खेप की डील होने वाली है।

सूचना के आधार पर एसटीएफ और रामगढ़वा पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान झारखंड चतरा निवासी अनूप यादव, मंटू पासवान और गया जिले का अर्जुन पासवान गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चार किलो अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करों के पास से 7 मोबाइल फोन व 2 लाख 40 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह अफीम नेपाल से लाई जाती थी और आगे पंजाब भेजी जाती थी। पुलिस को शक है कि यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के तहत लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। अब यह जांच की जा रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक,एसटीएफ की विशेष टीम ने पूर्वी चंपारण के मोतिहारी पुलिस के साथ मिलकर गया के कोच थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी
अर्जुन पासवान और चतरा (झारखंड) के विशिष्ट नगर फोरी थाना क्षेत्र के जोरी निवासी
मंटू पासवान को जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। फिर गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चतरा (झारखंड) के विशिष्ट नगर फोरी थाना क्षेत्र के सलैया निवासी अफीम तस्कर अनूप यादव की गिरफ्तार हुई। उसके पास से 2.40 लाख रुपये बरामद किए गए।

इस संदर्भ में रामगढ़वा थाने में कांड दर्ज कर अग्रत्तर कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि अनूप यादव पूर्व में नक्सली (टीपीसी सदस्य) रह चुका है। इसके खिलाफ बिहार के अलावा अन्य राज्यों में भी कई नक्सल और आपराधिक कांड दर्ज हैं।
छापेमारी दल में एसडीपीओ धीरेंद्र कुमार,पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार, रामगढ़वा थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार, एसआई मनीष कुमार और एसआई सुमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस इस मामले में अग्रतर कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!