
रामगढ़वा।(vor desk)। मात्र 5 हजार के लेन-देन के विवाद में रामगढ़वा के नंदलाली के मुनचुन सहनी की सिसवनिया में पीट-पीटकर कर निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में रविवार को घटित हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार,सिसवनिया के चंद्रदेव सहनी छत के सेंटरिंग का कार्य करते हैं। इन्होंने नंदलाली के मुनचुन सहनी के मकान की छत का सेंटरिंग किया था। चंद्रदेव सहनी का उक्त सेंटरिंग कार्य का मुनचुन सहनी के यहां 6000 रुपये का बकाया था, लेकिन मुनचुन सहनी के परिजनों का यह कहना है कि उक्त सेंटरिंग मिस्त्री ने काम को अधूरा छोड़ दिया था।इसलिए यह रुपया बकाया रह गया था।
यह विवाद इस रूप में पहुंच गया ,जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं होगा। रविवार को मोटरसाइकिल से रामगढ़वा जाने के क्रम में सिसवनिया गांव में मुनचुन सहनी को घेर लिया गया और लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना की सूचना मिलते ही नंदलाली के लोग आक्रोशित हो गए और रामगढ़वा थाना के आगे पहुंच गए और खूब हंगामा किया।
कुछ क्षणों के लिए अफ़रा-तफ़री का माहौल कायम हो गया। स्थानीय लोगों के प्रयास से पुलिस ने माहौल को शांत किया और हत्या करने वाले लोगों की छापेमारी में निकल गई। पुलिस ने इस मामले में चंद्रदेव सहनी के पत्नी और पुत्र को हिरासत में लिया है।
पुलिस के द्वारा शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है। मृतक मुनचुन सहनी के परिजनों का आरोप है कि मुनचुन सहनी की हत्या उसी गांव के चंद्रदेव सहनी ने गांव के 20-25 लोगों के सहयोग से पीटकर कर दी है। लोगों में इस घटना से काफी आक्रोश है।
थानाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना घटी है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। शव पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित परिवार से कोई आवेदन नहीं मिला है। पीड़ित परिवार आवेदन नहीं देता है तो चौकीदार के बयान पर शिकायत दर्ज की जाएगी।