
रक्सौल। (Vor desk)। शांति सुव्यवस्था के साथ ही शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नव पदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नागमणि वर्मा ने गुरुवार को एसडीपीओ मनीष आनंद, प्रभारी बीडीओ रणधीर कुमार, थानाध्यक्ष रमेश महतो और पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च कर यातायात एवं अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।
टीम ने मेन रोड से लक्ष्मीपुर होते हुए कौड़ीहार चौक तक पैदल मार्च किया। रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने के कारण अधिकारी बाटा चौक से वापस लौट गए। इस दौरान सड़क किनारे स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण, फुटपाथी दुकानों तथा अवैध पार्किंग करने वालों को चेतावनी दी गई। नो-पार्किंग जोन में खड़े कई वाहनों का चालान भी किया गया।
एसडीओ नागमणि वर्मा ने कहा कि शांति सुव्यवस्था हमारी प्राथमिकता है।यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ जल्द विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं एसडीपीओ मनीष आनंद ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मंगलवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बाटा चौक से रेलवे क्रॉसिंग तक अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और जाम की समस्या की समीक्षा की थी। उन्होंने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, नियमित अभियान चलाने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई तथा ट्रैफिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए थे।
रक्सौल के मेन रोड पर फुटपाथी दुकानें, ठेले-खोमचे, डिवाइडर पर अतिक्रमण और अनियोजित पार्किंग लंबे समय से जाम की प्रमुख वजह बने हुए हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि लगातार अभियान से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।
