Friday, July 24

पीएम आवास योजना पर बच्चों में जागरूकता बढ़ाने की पहल, कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में हुईं तीन प्रतियोगिताएं

रक्सौल।(Vor desk)। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने और उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद रक्सौल ने गुरुवार को लक्ष्मीपुर स्थित कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में निबंध लेखन, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के निर्देशन में नगर प्रबंधक अविनाश कुमार, एमआईएस एक्सपर्ट ई. सोनू कुमार तथा दिपेश नायक ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेश कुमार पांडेय और शिक्षकों के सहयोग से प्रतियोगिताओं का सफल संचालन कराया।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की थीम पर आकर्षक चित्र उकेरकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने योजना के उद्देश्य, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की आवश्यकता और शहरी विकास में इसकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों ने योजना से जुड़ी अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया।

Voiceofraxaul

कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने से उनका संदेश समाज के हर वर्ग तक आसानी से पहुंचता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मक सोच, सामाजिक सरोकार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता विकसित करती हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को 25 जुलाई को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। इस अवसर पर सर्वेश कुमार पांडेय, डॉ. शशि रंजन सिंह, सीएन त्रिपाठी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!