
रक्सौल। (Vor desk)
राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था, कथित पेपर लीक मामलों और छात्र आंदोलन को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच गुरुवार को रक्सौल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर के बाटा चौक पर शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन सतर्क दिख रही है।सूचना के मुताबिक,फ्लैग मार्च के साथ ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इधर,विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के रक्सौल प्रखंड अध्यक्ष बिकेश चंद्रवंशी ने की। इसमें जिला कांग्रेस कमेटी, मोतिहारी के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश दयाल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रो. अखिलेश दयाल ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ दिल्ली पुलिस का व्यवहार भी अनुचित था। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से इस मामले में स्पष्टीकरण नहीं आता, तो कांग्रेस व्यापक छात्र आंदोलन चलाएगी।

voiceofraxaul

युवा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, लेकिन सरकार ने अब तक जवाबदेही तय नहीं की है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष उमर अंसारी, संतोष कुमार सिंह, इम्तेयाज अहमद, अफरोज आलम, राजद संगठन प्रभारी सुभाष यादव, सुधन यादव, कुंदन कुमार, दीपक भारती, मनीष कुमार, उमेश कुमार, अभिषेक कुमार, मनोहर कुमार, जिशान अंसारी, देवदत्त कुमार, आर्यन कुमार, सदरे आलम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
