
रघुनाथपुर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए किया गया प्रेरित
रक्सौल।(Vor desk)। बच्चों को यौन शोषण, बाल दुर्व्यवहार और अन्य अपराधों से सुरक्षित रखने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को शिवशंकर सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय, रघुनाथपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण के निर्देश पर 26 से 31 अक्टूबर तक चलाए गए सुरक्षित बचपन अभियान के अंतिम दिन आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं ने भाग लिया।
प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर, पूर्वी चंपारण की जिला परियोजना समन्वयक आरती कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), 2012 के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और शोषण एवं दुर्व्यवहार से बचाव की जानकारी दी गई। आरती कुमारी ने बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में रहने, शिक्षा प्राप्त करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है।
जागरूकता सत्र में छात्राओं को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया। उन्हें किसी भी असहज परिस्थिति को पहचानने और ऐसी स्थिति में बिना डर या संकोच के माता-पिता, शिक्षक-शिक्षिका अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बाल यौन शोषण, बाल विवाह और मानव व्यापार जैसे अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी दुर्व्यवहार को छिपाने के बजाय उचित सहायता लेने की अपील की गई।
कार्यक्रम में शिकायत और सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, प्रयास हेल्पलाइन नंबर 9289692023 तथा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन हेल्पलाइन नंबर 18001027222 की जानकारी दी गई। छात्राओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अपरिचित के साथ साझा नहीं करने की सलाह भी दी गई।
प्रधानाध्यापक रमेश कुमार चौरसिया ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण हैं। बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विद्यालय, समाज और संबंधित संस्थाओं को भी इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
मौके पर शिक्षक पवनकिशोर कुशवाहा, हामद सिमोन, सुमन कुमारी और मुकेश कुमार सहित प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर के सामाजिक कार्यकर्ता राज गुप्ता, अभिषेक कुमार, आशीष कुमार और उमेश कुमार श्रीवास्तव उपस्थित थे।
