Saturday, September 21

उपेंद्र कुशवाहा पर हमले को ले कर बिहार बन्द 4 फरवरी को,बन्दी सफल बनाने आह्वान!

रक्सौल।( Vor desk )।रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर पटना में पुलिस की ओर से किये गए लाठीचार्ज के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। रालोसपा ने लाठीचार्ज के विरोध में 4 फरवरी को बिहार बंद बुलाया है। इस बंद को रालोसपा के अलावा ​बिहार महागठबंधन में शामिल तमाम दलों ने समर्थन किया है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा पर ​किए गए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर बिहार की सियासत तेज हो गई है।

महागठबंधन के दलों ने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है तो सीएम नीतीश कुमार के मंत्री ने उपेंद्र कुशवाहा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। बता दें कि शनिवार को उपेंद्र कुशवाहा की ओर से आक्रोश मार्च निकाला गया था। इसी क्रम में पटना के डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने आक्रोश मार्च के दौरान रालोसपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। इसमें कुशवाहा समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गये। कुशवाहा को सिर में चोट लगी है। उन्हें पीएमसीएच में एडमिट कराया गया है।

इधर रालोसपा के छात्र प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता सुनील कुशवाहा ने उपेंद्र कुशवाहा पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की है। उन्‍होंने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। कहा है कि ‘शिक्षा सुधार के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी द्वारा पुलिस से हमला करवाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ एवं तानाशाही की पराकाष्ठा है।’ उन्‍होंने रक्सौल वासियों से आह्वान किया है कि नीतीश कुमार की हिटलरशाही का जवाब बन्दी को सफल करके दे।
उधर,कांग्रेस नेता रामबाबू यादव,ब्रजभूषण पांडे,अखिलेश दयाल समेत राजद नेता सुरेश यादव ने रक्सौल वासियों से बन्दी को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!