Sunday, September 22

निर्भया के रेपिस्टों को फांसी पर बोली आधी आबादी:न्याय की जीत हुई,लेकिन, कानून में सुधार हो!

रक्सौल।(vor desk )।करीब 7 साल से ज्यादा के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार निर्भया को आज इंसाफ मिल गया। निर्भया के दोषियों को शुक्रवार की सुबह 5.30 बजे दिल्ली की तिहाड़ जेल में फांसी दे दी गई। निर्भया के दोषियों को फांसी दिए जाने को हर कोई ऐतिहासिक व न्याय की जीत बता रहा है। वहीं अपनी बेटी के लिए इंसाफ मिलने के बाद निर्भया की मां ने कहा कि हमारी बेटी अब जिंदा नहीं है और लौटेगी नहीं।आधी आबादी ने इस मसले पर खुल कर कहा कि एक मां के साहस ने बेटी को इंसाफ दिलाया।न्याय की जीत हुई।आइए जानते हैं किसने फांसी पर क्या प्रतिक्रिया दी:

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की अध्यक्ष वीणा गोयल ने कहा कि यह एक एतिहासिक दिन है, निर्भया को 7 साल बाद न्याय मिला। उसकी आत्मा को जरूर आज शांति मिली होगी। देश ने रेपिस्टों को एक कड़ा संदेश दिया है कि अगर किसी ने यह अपराध किया तो उसे फांसी दी जाएगी।

वहीं,अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की सचिव सोनू काबरा ने कहा कि आज का दिन देश की न्याय-व्यवस्था और स्त्री-सुरक्षा के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। यह महिलाओं के प्रति अपराध करने वालों के मन-मस्तिष्क में भय उत्पन्न करेगा एवम लड़कियों और महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाएगा। यधपि इस अपराध में फैसला बहुत विलम्ब से लागू हुआ है, फिर भी ये हमारी न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास पुनः स्थापित करेगा कि अंततः जीत सत्य की ही होती है।

शारदा कला केंद्र की संचालिका शिखा रंजन ने कहा कि देरी हुई लेकिन दुरुस्ती फैसला आया। विकृत और नीच मानसिकताओं को देश के सर्वोच्च न्यायालय ने आखिर फांसी के फंदे पर चढ़ा दिया और पुनः न्यायपालिका पर विश्वास कायम किया। आज निर्भया को ही नहीं तमाम देश की बेटियों को इंसाफ मिला है।
न्यायपालिका से यही गुजारिश रहेगी कि किसी भी बेटी को इंसाफ देने में इतनी देरी ना हो इसके लिए नियमों को और दृढ़ और तेजी करने पर विचार करें।

राइज संस्था की अध्यक्ष मनीता देवी ने कहा कि निर्भया को आखिरकार इंसाफ मिल ही गया। यह इंसाफ सिर्फ उन बेटी को ही नहीं बल्कि हर कोख जो अस्तित्व में है और जो होने वाली है उसे मिली है। न्यायपालिका के इस फैसले का हम तहे दिल से सम्मान और आभार व्यक्त करना चाहते हैं। बस यही अपेक्षा करते हैं कि किसी बेटी को इंसाफ देने में इतना समय ना लें ।यह देश और समाज की गरिमा को एक बुरे तरीके से प्रभावित करता है ।

वहीं,अनुष्का कुमारी ने कहा कि दिल्ली गैंगरेप के चारों राक्षसों को फांसी के फंदे पहुंचाने वाली उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ वकील मौर्यवंशी सीमा समृद्धि कुशवाहा बधाई की पात्र हैं।इस लड़ाई को जीतने का श्रेय उन्हें मिलना चाहिए।यदि निर्भया के रेपिस्टों को फांसी नही होता,तो,न्याय व्यवस्था से विस्वास उठ जाता।लड़कियां घरों से निर्भय हो कर निकल नही पातीं।

उसी तरह ,नेहा कुमारी का कहना है कि आज एक उदाहरण पेश किया गया, लेकिन ऐसा पहले भी किया जा सकता था। अब ऐसे लोगों को पता है कि उन्हें सजा दी जाएगी, तारीख आगे बढ़ सकती है, लेकिन सजा मिलेगी।इस केश को लड़ने वाली एडवोकेट सुषमा कुशवाहा ने देश की सर्वश्रेष्ठ बेटी होने का सम्मान हासिल किया है।तो,निर्भया की मां के जज्बे को हम सलाम करते हैं ।हमारे सिस्टम में बहुत सारी खामियां हैं, हमें सिस्टम में सुधार करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!