Sunday, September 22

लोक आस्था के महा पर्व छठ पर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान नहाय खाय के साथ शुरू!


रक्सौल बाजार में रौनक,पूजा सामग्री व वस्त्र की खरीददारी के लिए उमड़ रही भीड़


रक्सौल।(vor desk )।धनतेरस के साथ शुरू हुआ प्रकाशोत्सव दीपावली के बीतने के बाद अब सीमावर्ती रक्सौल में छठ की तैयारी जोरों पर है।गुरुवार को नहाय खाय के साथ चार दिवसीय महा पर्व छठ का अनुष्ठान प्रारम्भ हो गया।वहीं,छठ पर्व की खरीदारी के लिए बाजार में एक बार फिर से रौनक आ गयी है। छठ पर्व पर पूजा के लिए लोग हर छोटी से छोटी चीज को जुटाने में लग गये हैं। लोग छठ की पूजा शुरू होने से पहले ही सारी तैयारी पूरी कर लेना चाहते हैं। इस बार 31 अक्टूबर से चार दिवसीय छठ पर्व शुरू हो रहा है, जो 3 नवंबर तक चलेगा। 1 नवंबर को खरना और 2 नवंबर यानी शनिवार को भगवान भास्कर को पहला सायंकालीन अघ्र्य प्रदान किया जाएगा। खरना के बाद छठ वर्ती 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखेंगे। फिर,रविवार को उगते सूर्य को अर्ध्य देने के बाद पारण के साथ यह पावन पर्व सम्पन्न होगा। इस पूजा में सफाई का बहुत ध्यान रखा जाता और कोई सामान छूट न जाये इसका भी पूरा ध्यान रखते हैं क्योंकि इसमें हर छोटी से छोटी चीजों की अपनी अहमीयत होती है। इसलिए भक्त पहले से ही सारी तैयारियां शुरू कर देे हैं।

बाजार में आयी तेजी, शुरू हुई खरीददारी:रक्सौल में छठ पर्व की तैयारी जोरो-शोर शुरू हो चुकी है। हर तरफ छठ पूजा के सामानों की दुकानें सज गयी हैं। लोग पूजा के लिए छोटी से छोटी सामाग्री जुटाने लगे हैं। छठ पूजा के लिए कोशी, पीतल का सूप, बांस का सूप, दउरा, साड़ी, गन्ना, नारियल, फल सहित पूजा की हर छोटे-छोटे सामानों की खरीदारी तेज हो गयी है।

साड़ी की दूकानों पर आयी रौनक:छठ पूजा से पहले साड़ी की दूकानों पर भी रौनक आ गयी है। पूजा में छठ मइया को चढ़ायी जाती है और पूजा करने वाली महिला भी नयी साड़ी में ही पूजा करती है। इसलिए इस समय साड़ी की दूकानों पर भीड़ लगी हुई है। भक्त छठ मइया की पूजा नये वस्त्र में करते हैं। साथ ही इस समय चूड़ी, बिंदी सहित महिलाओं के साज-सज्जा की दूकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी जा सकती है।

छठ के गीतों की है जबरदस्त मांग:छठ पर्व शुरू होने के साथ ही हर तरफ छठ मइया के गीत सुनाई देने लगते हैं। इस समय बाजार में छठ गीतों के सीडी व डीवीडी की जबरदस्त मांग है। बाजार में नये-नये छठ के गीतों की भरमार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!