Friday, October 4

6700 करोड़ के घोटाला के आरोपी दलजीत सिंह बल को पुलिस ने किया न्यायालय में पेश!

  • पीएमसी घोटाले की वजह से 20 लोगों ने कर ली थी आत्महत्या
  • महाराष्ट्र पुलिस ने जारी किया था लुक आउट सर्च वारंट

रक्सौल।(vor desk )।पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक डॉ0 कुमार आशीष के नेतृत्व में रक्सौल पुलिस द्वारा पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव बैंक (PMC) बैंक में हुए ₹6,700 करोड़ के घोटाले के मुख्य अभियुक्त बैंक के पूर्व निदेशक दलजीत सिंह बल को नेपाल भागने के क्रम में निरुद्ध किया गया है।साथ ही न्यायालय में श्री बल को पेश किया गया।जिसके बाद उन्हें रिमांड पर लेने की तैयारी है।

उल्लेखनीय है कि मुंबई पुलिस के द्वारा उक्त अभियुक्त के लिए एक लुक आउट सर्कुलर (LOC) निर्गत किया गया था। नेपाल भागने के क्रम में आइसीपी रक्सौल पर एएफआरआरओ सह इमिग्रेशन इंचार्ज अजय कुमार पंकज द्वारा LOC के मद्देनजर उक्त अभियुक्त को रोककर कानूनी प्रक्रिया हेतु अग्रेतर कार्रवाई हेतू रक्सौल पुलिस के सुपुर्द किया गया।

मामले की संवेदनशीलता एवं न्यायिक प्रक्रिया के अक्षरशः पालन हेतु रक्सौल एसडीपीओ सतीश सुमन एवं रक्सौल थानाध्यक्ष शशि भूषण ठाकुर द्वारा अभियुक्त दलजीत सिंह बल को मोतिहारी स्थित माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

विदित हो कि अभियुक्त दलजीत सिंह बल पर PMC Bank में हुए स्कैम के लिए मुम्बई इकनोमिक ओफ्फेन्स विंग द्वारा प्राथमिकी संख्या 86/2019 धारा 420/465/467/468/471/भादवि सितंबर 2019 में दर्ज किया गया था तथा मुम्बई पुलिस को तब से इस फ़रार की तलाश थी। करीब 20 खाताधारकों ने इस घोटाले से उपजे हालात के चलते आत्महत्या भी की थी।

मोतिहारी पुलिस अग्रेतर कार्रवाई के लिए मुम्बई पुलिस के लगातार सम्पर्क में है तथा बेहतर समन्वय के साथ मुम्बई पुलिस की सहायता के लिए तत्पर है।

*2019 में सामने आया था घोटाला
2019 में लोन की धोखाधड़ी और घोटाला सामने आया था। इसके बाद RBI ने PMC बैंक के बोर्ड को भंग कर दिया था। साथ ही RBI ने बैंक से पैसे निकालने पर रोक लगा दी थी। इस धोखाधड़ी और घोटाले में बैंक के कई सीनियर अधिकारी शामिल पाए गए थे। बैंक द्वारा रियल एस्टेट कंपनी HDIL को दिए गए लोन की RBI को सही जानकारी नहीं दी थी। इस लोन में भी घोटाले के आरोप हैं।

*HDIL को दिया था कर्ज
PMC बैंक ने अवैध तरीके से HDIL ग्रुप को 6500 करोड़ रुपए लोन दिया था, जो सितंबर 2019 में बैंक के टोटल लोन बुक साइज 8880 करोड़ रुपए का 73% था। मार्च, 2019 में बैंक की डिपॉजिट 11,617 करोड़ रुपए थी। PMC Bank के पूर्व एमडी जॉय थॉमस और पूर्व चेयरमैन वरयाम सिंह को पिछले साल अक्टूबर में मुंबई की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने गिरफ्तार कर लिया था।

-PMC की 7 राज्यों में 137 शाखाएं
PMC अरबन को-ऑपरेटिव बैंक है। महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक, गोवा, गुजरात, आंध्रप्रदेश और मध्यप्रदेश में इसका कामकाज है। इसकी 137 शाखाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!