Friday, September 27

पति के त्यागने के बाद माहेर ममता में रह रही खुशबू गुप्ता की गोद में गूंजी किलकारी, बच्चे का नाम रखा गया लाल बहादुर शास्त्री !

रक्सौल।(vor desk)।रक्सौल स्थित माहेर ममता निवास में रह रही असहाय महिला खुशबू गुप्ता की गोद में किलकारी गूंजने से उत्सव का माहौल रहा। अनुमंडलीय अस्पताल में 2अक्तूबर के दिन एक बच्चे को जन्म दिया है। अस्पताल उपाधीक्षक डा राजीव रंजन कुमार के मुताबिक,जच्चा बच्चा दोनो स्वस्थ्य हैं।इधर,खुशबू को उम्मीद है कि शायद बच्चे के मोह में उसका पति और उसका परिवार, उसे और उसके बच्चे को अपना लें। आज के दिन जन्म लेने वाले बच्चे का नाम लाल बहादुर शास्त्री रखा जाएगा।

इस बीच माहेर ममता निवास के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इसी साल 1 अप्रैल को रक्सौल रेलवे स्टेशन से उक्त महिला को रेस्क्यू किया गया था। उस समय उसकी हालत बहुत ही खराब थी। वो अपने बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही थी।

खुशबू गुप्ता को माहेर ममता निवास में लाया गया। उसे डॉक्टर से इलाज कराकर स्वस्थ किया गया। कुछ दिनों बाद उसकी जब मानसिक हालात ठीक हुई तो उसने अपने पति का नाम विवेक कुमार बताया और पता सीतामढ़ी के बैरगिनिया थाना क्षेत्र में बताया।

माहेर ममता निवास द्वारा उसके पति से संपर्क भी किया गया, उसने अपनी पत्नी को घर ले जाने में कोई इच्छा नहीं दिखाई। कुछ ही दिनों बाद पता चला कि खुशबू गुप्ता गर्भवती है। समय पर अनुमंडलीय अस्पताल इलाज कराया जाने लगा।

सोमवार को खुशबू गुप्ता ने एक लड़के को जन्म दिया। माहेर ममता निवास के प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि आज लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है, इसलिए लड़के का नाम लाल बहादुर शास्त्री रखा जाएगा।

खुशबू गुप्ता और संस्था के लोगों को लग रहा है कि बच्चे के जन्म के बाद कहीं पति विवेक का मन बदले और अपने पत्नी, बच्चे को अपने घर ले जाए। बता दें कि माहेर ममता निवास मंद बुद्धि, बेसहारा,असहाय ,वृद्ध महिलाओं को संरक्षण देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!